


पूर्णिया : पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्रीन पूर्णिया संस्था द्वारा रविवार को जलालगढ़ प्रखंड में पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत संस्था के सदस्यों, स्थानीय ग्रामीणों एवं युवाओं ने श्रीश्री 108 ठुठी काली मंदिर परिसर में पौधरोपण किया तथा परिसर की साफ-सफाई कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान को संबोधित करते हुए ग्रीन पूर्णिया संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो गई है। यदि युवा आगे आएं तो पर्यावरण की तस्वीर बदली जा सकती है।
उन्होंने कहा, “युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। एक पौधा लगाना केवल पेड़ लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और स्वच्छ भविष्य का निर्माण करना है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए।”
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर एवं आसपास फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे की सफाई की। साथ ही लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने, डस्टबिन का प्रयोग करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधों की सुरक्षा तथा स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले जलालगढ़ के होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार एवं स्थानीय लोगों ने ग्रीन पूर्णिया संस्था के संस्थापक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता तथा संस्था के सदस्यों का नागरिक अभिनंदन कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने श्रीश्री 108 ठुठी काली मंदिर के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार इस मंदिर में श्रद्धापूर्वक की गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि जलालगढ़ के होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार ने अपने परिवार की एक बड़ी समस्या के समाधान के लिए मां काली से मन्नत मांगी थी। मनोकामना पूरी होने के बाद उन्होंने अपनी श्रद्धा और आस्था के प्रतीक के रूप में इस मंदिर का निर्माण कराया।
कार्यक्रम में ग्रीन पूर्णिया संस्था के सचिव रवींद्र कुमार साह, प्रदीप अग्रवाल, सरोज अग्रवाल, सोपल कुमार साह, रवींद्र कुमार मेहता, संतोष साह, संजीव कुमार, संजय, अशोक मिश्रा, राजा, मेहताब आलम, वैष्णवी मिश्रा, शुभम मिश्रा, आर्यन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा स्वच्छ एवं हरित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
















