


पूर्णिया।
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के महाराजपुर पंचायत भवन में रविवार को प्रशासन की ओर से आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में विधायक विजय खेमका शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामसभा में भाग लेकर ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने दिव्यांग लाभुक राहुल कुमार एवं जीविका दीदी सरिता देवी को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया और समाज में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।

ग्रामसभा को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस तथा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय गांवों और नगर निकायों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंच सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि पंचायतों के गांवों और नगर निकायों के वार्डों में पहुंचकर पात्र लाभुकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से ही विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।

विधायक ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे या दलालों के चक्कर में न पड़ें। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए स्वयं ऑनलाइन आवेदन करें अथवा संबंधित विभाग के कार्यालय में आवेदन देकर उसकी प्राप्ति रसीद अवश्य लें। इससे योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा और अनावश्यक परेशानियों से भी बचा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं। पूर्णिया जिले में भी विकास परियोजनाओं ने गति पकड़ ली है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया, प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, सरपंच, उपसरपंच, उपमुखिया, विधायक प्रतिनिधि विनोद सिंह, पंचायत कर्मियों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पंचायत विकास दिवस को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने और गांवों के समग्र विकास में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
















