


नवगछिया। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का रविवार को कटिहार से पटना जाने के दौरान नवगछिया रेलवे स्टेशन पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भाजपा नेता आलोक सिंह एवं मुकेश राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान नवगछिया के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
भाजपा नेताओं ने मंत्री के समक्ष नवगछिया की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल करने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने सती बिहुला की जन्मस्थली माने जाने वाले नवगछिया में राज्य सरकार के स्तर पर प्रतिवर्ष भव्य ‘बिहुला महोत्सव’ आयोजित कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नवगछिया की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता पवन गुप्ता, आर्यन राज, दिवाकर मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत करते हुए नवगछिया के सांस्कृतिक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
















