5
(1)

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पूर्णिया। संत सम्राट महात्मा कबीर साहेब की 628वीं जयंती के अवसर पर लायन्स क्लब पूर्णिया ग्रेटर की ओर से रविवार को श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया कोर्ट परिसर स्थित जीवन ज्योति केन्द्र में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के उद्देश्य से पौधरोपण अभियान चलाकर लोगों को हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं वरिष्ठ लायन नन्दकिशोर जायसवाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुई। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने संत सम्राट महात्मा कबीर साहेब की प्रतिमा तथा जीवन ज्योति केन्द्र के संस्थापक महान संत एवं परम प्रज्ञावान आचार्य धर्म स्वरूप साहेब के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद उपस्थित लोगों ने आचार्य डॉ. जितेन्द्र स्वामी जी के प्रेरणादायी प्रवचनों का श्रवण किया। उन्होंने संत कबीर के जीवन, उनके विचारों तथा मानवता, समरसता और प्रकृति संरक्षण के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत कबीर के आदर्श आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव और सेवा का मार्ग दिखाते हैं।

इस अवसर पर आचार्य डॉ. जितेन्द्र स्वामी जी के करकमलों से जीवन ज्योति केन्द्र परिसर में फलदार, छायादार एवं सौंदर्यवर्धक पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में संत कबीर जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे। आचार्य डॉ. जितेन्द्र स्वामी जी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए लायन्स क्लब पूर्णिया ग्रेटर द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर लायन नित्यानंद कुमार, लायन शिवकुमार चौधरी (भोला चौधरी), क्लब के सचिव लायन मनोरंजन कुमार, लायन विद्यासागर, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित लायन संजय कुमार सिंह सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।:::

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: