


AI और नवाचार पर मंथन में 5 देशों के विशेषज्ञ हुए शामिल
पूर्णिया। विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पूर्णिया में आयोजित दो दिवसीय चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “आईसीएएसईटी-2026” (4th International Conference on Advancement in Science, Engineering and Technology) का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 26 एवं 27 जून को आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय “एआई एजुकेशन एंड एंटरप्राइजिंग” (AI Education & Enterprising) रहा, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विज्ञान, इंजीनियरिंग और आधुनिक तकनीकों पर अपने विचार साझा किए।
सम्मेलन के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह स्वागत भाषण के साथ हुई, जिसे कुमार विशाल ने प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सम्मेलन के संयोजक डॉ. ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में विद्या विहार एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश चंद्र मिश्रा, विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. (डॉ.) अशेष्वर यादव, विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल के निदेशक इंजी. आर. के. पॉल तथा ट्रस्ट के सचिव ब्रजेश चंद्र मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे

सम्मेलन में शोधपत्रों को लेकर प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा। स्कोपस सेक्शन में प्राप्त 102 शोधपत्रों में से 67 को स्वीकृति मिली, जबकि गूगल स्कॉलर इंडेक्स्ड पीयर-रिव्यू सेक्शन में प्राप्त 123 शोधपत्रों में से 80 शोधपत्र चयनित किए गए।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मिस्र, इंडोनेशिया, आर्मेनिया, तुर्की और वियतनाम सहित पांच देशों के साथ-साथ भारत के 16 राज्यों से आए शोधकर्ताओं, शिक्षकों और विशेषज्ञों ने भाग लेकर इसे वैश्विक स्वरूप प्रदान किया।
दूसरे दिन के मुख्य वक्ताओं में अमेरिका स्थित Zazz के शुभम श्रीवास्तव, Microsoft USA के सुधांशु जैन तथा Virtuoso USA के पवन कुमार रेड्डी शामिल रहे। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षा, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि आने वाले समय में शिक्षा और उद्योग जगत में एआई की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है।
सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट शोध एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में ‘बेस्ट प्रेजेंटेशन अवार्ड’ भी प्रदान किए गए। स्नातक (यूजी) श्रेणी में अक्षया जे. एवं उनकी टीम, गुडिपाटी श्रेष्ठा अनन्या एवं टीम तथा आर्या सतीश कुलकर्णी एवं टीम को सम्मानित किया गया। स्नातकोत्तर (पीजी) वर्ग में नव्या पाटिल, रिशेली इटालिया तथा फरहान वी. ए. को पुरस्कार मिला।
शोधार्थी श्रेणी में सौरभ यादववंशी, राहुल रमेश थावई और फिरदौस आरा जे. ए. को सम्मानित किया गया। वहीं फैकल्टी वर्ग में डॉ. परेश कुमार मंडल, डॉ. एम्बिली जैकब के. और संदीपन चक्रवर्ती को सम्मानित किया गया। इंडस्ट्री श्रेणी में श्रद्धा मेहता को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल ऑफ कोर स्टडीज़ के उप-प्राचार्य डॉ. अनिकेत मानस ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सम्मेलन के संयोजक डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने घोषणा की कि संस्थान में जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में “चौथा अंतरराष्ट्रीय विज्ञान, इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन सम्मेलन (ICSEM-2027)” आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शोध, नवाचार, आधुनिक तकनीक और वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देने के साथ-साथ ज्ञान के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, शोधकर्ताओं, विशेषज्ञों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।















