5
(1)

पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के सभी उच्च विद्यालय एवं प्लस-टू विद्यालयों की विद्यालय प्रबंधन समिति से जुड़े शिक्षा प्रेमियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को विधायक जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विधायक विजय खेमका ने विद्यालय प्रबंधन समितियों की भूमिका, शिक्षा प्रेमियों के दायित्व तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि शिक्षा प्रेमी विद्यालय और समाज के बीच एक मजबूत कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल बैठकों में शामिल होने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालयों के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता, छात्र हितों की रक्षा तथा अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने सभी शिक्षा प्रेमियों से प्रत्येक माह नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कराने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन बैठकों के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई, उपस्थिति, व्यवहार और शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा संभव होगी, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

विधायक ने कहा कि विद्यालयों का परीक्षा परिणाम बेहतर हो, छात्र-छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़े, पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों की पुनः विद्यालय में वापसी सुनिश्चित हो तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो, इसके लिए विद्यालय परिवार, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमियों को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेलकूद, संगीत, चित्रकला, विज्ञान, वाद-विवाद, योग, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों का भी नियमित आयोजन होना चाहिए। इससे विद्यार्थियों की प्रतिभा का सर्वांगीण विकास होगा और उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच तथा आत्मविश्वास का विकास होगा।

विधायक विजय खेमका ने बताया कि पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के सभी उच्च एवं प्लस-टू विद्यालयों के लिए मनोनीत शिक्षा प्रेमियों की सूची जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्णिया को उपलब्ध करा दी गई है। सूची में डालचंद सचेती, संजय चौधरी, संजय सिंह, वीरेंद्र सिंह, मनीष भारती, पिंकू विश्वास, मंडल पोद्दार, सुकेश पाल, अंबिका महतो, मोहित राय, बबलू चौहान, शशिभूषण चौधरी, ज्योतिष ठाकुर, दशरथ चौहान, संजय मोहन प्रभाकर, विजय दास, अजय सिंह, विनोद सिंह एवं हरि चौहान के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना देकर विद्यालय प्रबंधन एवं विकास कार्यों में शिक्षा प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में उपस्थित शिक्षा प्रेमियों ने विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने, छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: