5
(1)

पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनसंपर्क कार्यालय में मंगलवार को पंचायत विकास दिवस के विधायक प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक विजय खेमका ने की। इस दौरान प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास दिवस” को प्रभावी एवं सफल बनाने तथा ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं सहभागी विकास की दिशा में आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि एनडीए सरकार की मंशा है कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई बने और गांव के विकास से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय ग्राम सभा के माध्यम से ही लिए जाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, पंचायत कर्मियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित ग्रामीण विकास के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पंचायत की नई विकास योजनाओं का चयन एवं अनुमोदन भी ग्राम सभा के माध्यम से किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, एएनएम, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारी, जीविका समूह के प्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देंगे तथा उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।

उन्होंने बताया कि पंचायत विकास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी कराया जाएगा। इसके अलावा ग्राम सभा में पूर्व में लिए गए निर्णयों एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए नई योजनाओं को स्वीकृति दी जाएगी, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता, जनभागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

विधायक विजय खेमका ने पंचायत स्तर पर कार्यरत अपने प्रतिनिधियों से सरकार, प्रशासन और आम जनता के बीच मजबूत कड़ी बनकर कार्य करने तथा प्रत्येक पंचायत में पंचायत विकास दिवस को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में शैलेन्द्र साह, जयदेव पोद्दार, मनोज कुमार मोनू, विजय दास, अभिमन्यू मेहता, ज्योतिष ठाकुर, डब्बू भगत, ब्रह्मानंद मंडल एवं पिंकू विश्वास सहित अन्य विधायक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: