


पूर्णिया। किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियां होती हैं। मरंगा स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बिजेन्द्र पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। विद्यालय के चार पूर्ववर्ती विद्यार्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार और विद्यालय का, बल्कि पूरे पूर्णिया जिले का मान बढ़ाया है।
विद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अंशु आनंद ने 974वीं रैंक प्राप्त कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी, आर्यन कुमार ने 1350वीं रैंक के साथ प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, भाव्या सोनी ने 1747वीं रैंक हासिल कर आपूर्ति निरीक्षक तथा जूही रहमानी ने 1761वीं रैंक प्राप्त कर राजस्व अधिकारी के पद पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इन विद्यार्थियों की सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासित अध्ययन, दृढ़ संकल्प और योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय में मिला मजबूत शैक्षणिक आधार और सकारात्मक वातावरण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक भानु भास्कर एवं प्राचार्य सी. सी. कृष्णन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती छात्रों की यह सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिजेन्द्र पब्लिक स्कूल आने वाले वर्षों में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देकर समाज को योग्य, जिम्मेदार और प्रतिभाशाली नागरिक प्रदान करता रहेगा।
चार पूर्ववर्ती छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। शिक्षक, छात्र एवं अभिभावकों ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया।
















