


पूर्णिया। भीषण गर्मी के बीच जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने विद्युत विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी एवं पश्चिमी के कार्यपालक अभियंताओं को कस्टमर केयर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सभी हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विद्युत विभाग की ओर से बताया गया कि पूर्णिया जिले के दोनों विद्युत प्रमंडलों में दो-दो कस्टमर केयर नंबर संचालित हैं। पूर्णिया पश्चिम के उपभोक्ता 9264456425 एवं 9031633835 पर, जबकि पूर्णिया पूर्वी के उपभोक्ता 9264456431 एवं 06454-242777 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में विभिन्न विद्युत प्रशाखाओं के कनीय विद्युत अभियंताओं के संपर्क नंबर भी जारी किए गए। लाइन बाजार प्रशाखा के लिए 7763814901, मधुबनी के लिए 7763814896, भट्ठा बाजार के लिए 7763814895, के.नगर के लिए 7763814898 तथा श्रीनगर प्रशाखा के लिए 7763818419 नंबर जारी किए गए हैं।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण जिले में बिजली की मांग में असामान्य वृद्धि हुई है, जिससे कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर जलने की समस्या सामने आ रही है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर जले हुए ट्रांसफार्मर बदले जाते हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया को और तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम समय तक परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण और निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
















