


पूर्णिया। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को आकाशवाणी रोड स्थित सहयोग प्रांगण में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सहयोग संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए। इस दौरान नि:शुल्क शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई।
शिविर में उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
इस अवसर पर डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1961 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 1991 से राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इस दिवस का उद्देश्य उन सभी चिकित्सकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना है, जो निस्वार्थ भाव से दिन-रात मरीजों की सेवा कर समाज को स्वस्थ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. बिधान चंद्र रॉय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. के.के. चौधरी, डॉ. सतीश ठाकुर, डॉ. प्रीतम कुमार, संजीवनी, आस्था डायग्नोस्टिक के रूपेश कुमार, गांधी, रंजीत रमन, राजा कुमार सिंह, राजीव कुमार एवं अनुपम कुमार सहित अन्य सहयोगियों की सराहनीय भूमिका रही।
















