5
(1)

समस्याओं के समाधान को लेकर संयुक्त पहल

पूर्णिया। पूर्णिया विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान एवं छात्र हितों की रक्षा को लेकर बुधवार को मधुबनी स्थित मंजू निवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) एवं छात्र जदयू के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न छात्र हित के मुद्दों को “सामूहिक छात्र संघर्ष समिति, पूर्णिया” के बैनर तले संगठित रूप से उठाया जाएगा।

बैठक की संयुक्त अध्यक्षता एबीवीपी के विश्वविद्यालय परिसर अध्यक्ष विकास कुमार एवं छात्र जदयू के जिला अध्यक्ष अंकित झा ने की। दोनों छात्र नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षा एवं परीक्षा परिणाम का प्रकाशन, नियमित कक्षाओं का संचालन, छात्र सुविधाओं का विस्तार तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित कराना समिति की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

बैठक में छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा सीधे छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थियों को बार-बार विश्वविद्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है, लेकिन उनकी शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो रहा है। कई मामलों में जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बावजूद भी छात्रों का कार्य लंबित रहता है, जिससे विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों का उद्देश्य विद्यार्थियों का भविष्य संवारना है। विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्र-अनुकूल, पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, ताकि प्रत्येक छात्र की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

बैठक को संबोधित करते हुए नीतीश पासवान ने कहा कि छात्र किसी भी विश्वविद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण इकाई होते हैं। यदि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होगा तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक छात्र संघर्ष समिति प्रत्येक छात्र की न्यायोचित मांग को मजबूती से उठाएगी तथा छात्र हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में एबीवीपी की ओर से राजा कुमार, रितेश यादव, नीतीश पासवान, चंदन महतो एवं डीएम कुमार तथा छात्र जदयू की ओर से किशन भारद्वाज, अमन श्रीवास्तव, सम्राट सिंह सहित अन्य छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर छात्र हितों की रक्षा, विश्वविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त रूप से संघर्ष करने का संकल्प लिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: