5
(2)

भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) के इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर के समीप मरीजों के परिजनों से डॉक्टरों के नाम पर अवैध वसूली करने के आरोप में एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद उसकी पिटाई कर दी गई और बाद में बरारी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है।

आरोपी की पहचान मो. जफर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्पताल परिसर में सक्रिय था। आरोप है कि वह स्वयं को अस्पताल से जुड़ा व्यक्ति बताकर मरीजों के परिजनों को झांसे में लेता था और ऑपरेशन के लिए जरूरी दवाएं, इंजेक्शन तथा हड्डी के ऑपरेशन में उपयोग होने वाली स्टील प्लेट उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे रुपये वसूलता था।

जानकारी के अनुसार, कई परिजन उसकी बातों में आकर उसे रुपये दे देते थे। बताया जा रहा है कि वह प्रतिदिन इसी प्रकार कई लोगों से पैसे की वसूली करता था। अस्पताल के एक कर्मी से हुए विवाद के बाद उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन एवं कर्मचारियों ने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी

बुधवार को इमरजेंसी वार्ड के पास वह एक मरीज के परिजन से रुपये ले रहा था। इसी दौरान उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े जाने पर आरोपी माफी मांगने लगा और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की बात कहने लगा। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दावा किया कि परिजनों के कहने पर वह केवल दवा लाने का काम कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी इस दलील को खारिज कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी अलग-अलग मरीजों के परिजनों से 700 रुपये, 1,500 रुपये, 4,000 रुपये सहित अन्य रकम भी वसूल चुका था। एक हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा पूछताछ किए जाने पर भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

मामले की सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। ऑन ड्यूटी पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह कब से इस प्रकार की वसूली कर रहा था तथा इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: