


नवगछिया। स्थानीय बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय में बुधवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शिक्षक प्रतिनिधि पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव में प्रो. अमरजीत सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रो. अनिल कुमार यादव को दो मतों से पराजित कर लगातार दूसरी बार शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव जीत लिया।
निर्वाची पदाधिकारी सह प्रभारी प्राचार्य प्रो. दिनकर आचार्य के हवाले से मीडिया प्रभारी राजेश कानोड़िया ने बताया कि महाविद्यालय के कुल 25 मतदाताओं में से एक मतदाता अनुपस्थित रहे, जबकि 24 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतगणना में प्रो. अमरजीत सिंह को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रो. अनिल कुमार यादव को 11 मत मिले। इस प्रकार प्रो. अमरजीत सिंह दो मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए।
परिणाम घोषित होने के बाद प्रभारी प्राचार्य प्रो. दिनकर आचार्य, वरीय शिक्षक डॉ. अनिल मंडल सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने प्रो. अमरजीत सिंह को फूलमाला पहनाकर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि चुनाव परिणाम की विधिवत सूचना तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय को भेजी जा रही है।
















