


पूर्णिया। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें जन्म स्मरण वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, पूर्णिया द्वारा जिला कार्यालय में भव्य जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सम्मेलन में पूर्णिया की उप महापौर पल्लवी गुप्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रप्रेम, त्याग और अखंड भारत के प्रति समर्पण सभी देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

कार्यक्रम में बिहार भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद, पूर्व मंत्री एवं बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी प्रणव कुमार यादव तथा पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका प्रमुख रूप से शामिल हुए।
सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीमती क्रांति देवी ने की। इस अवसर पर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।















