5
(1)

पूर्णिया। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर एड्स नियंत्रण एवं एचआईवी संक्रमित मरीजों को बेहतर उपचार और सेवाएं उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट कार्य के लिए पूर्णिया जिले के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) स्थित एआरटी सेंटर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सौरभ कुमार तथा सहयोगी संस्था ऐडेन्ट के कार्यक्रम प्रबंधक संजीत कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।

दोनों को पटना स्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान के शेखपुरा सभागार में आयोजित समारोह में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि एआरटी सेंटर में एचआईवी संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और नियमित एआरटी दवा के सेवन से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।

उन्होंने लोगों से असुरक्षित यौन संबंध से बचने, समय पर एचआईवी जांच कराने तथा संक्रमण की स्थिति में बिना किसी डर के उपचार शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एचआईवी एक प्रबंधनीय स्थिति है और नियमित उपचार से वायरस का प्रभाव नियंत्रित रखा जा सकता है।

डॉ. सौरभ कुमार ने कहा कि एचआईवी सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए जांच, दवाओं की उपलब्धता, नियमित फॉलोअप, मानसिक एवं सामाजिक सहयोग, डिजिटल हेल्थ, टेली-कंसल्टेशन तथा मरीज-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर और भेदभाव को समाप्त कर अधिक से अधिक लोगों को एचआईवी जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित किया जा सकता है। साथ ही सभी स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के प्रति गरिमा, गोपनीयता, संवेदनशीलता और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: