


पूर्णिया। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित प्रज्ञान सभागार में चौकीदार एवं दफादारों को सुनिश्चित वृत्ति उन्नयन का लाभ प्रदान करने के संबंध में जिला स्क्रीनिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के कुल 178 चौकीदार एवं दफादारों के वृत्ति उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों की विभागीय दिशा-निर्देशों एवं प्रचलित नियमों के अनुसार विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र कर्मियों को नियमानुसार समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से वृत्ति उन्नयन का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में चौकीदार के पद पर अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित कुल 13 आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया।

विस्तृत परीक्षण एवं नियमानुसार समीक्षा के बाद चार आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत श्री श्याम लाल हरिजन, श्री पंचम ऋषि, श्री सुनील कुमार एवं श्री गौतम प्रसाद को चौकीदार के पद पर अनुकंपा के आधार पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
वहीं, शेष नौ आवेदनों के संबंध में जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों एवं औपचारिकताओं की पूर्ति कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
















