


पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पक्ष के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय, बनभाग में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रणव यादव, बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका तथा पूर्णिया नगर निगम की उपमहापौर पल्लवी गुप्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति देवी ने की। डॉ. संजीव कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जबकि मंच संचालन मीनाक्षी सिन्हा ने किया। मंच पर वीर नारायण गुप्ता, विनोद यादव एवं सचिन राय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव यादव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सर्वोपरि की भावना का जीवंत उदाहरण है। उनके विचार आज भी आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं।
विधायक कृष्ण कुमार ऋषि एवं विजय खेमका ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित राष्ट्रहित के आदर्श प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए अनुकरणीय हैं। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजय पोद्दार, अरुण राय ‘पुलक’ सहित जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन का समापन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
















