


नवगछिया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नवगछिया जिला इकाई द्वारा रविवार को तेतरी में पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री की 80वीं जयंती जिला अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में मनाई गई। इस अवसर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी सुरेश भगत ने कहा कि रामविलास पासवान केवल एक बड़े राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, किसानों और युवाओं की सशक्त आवाज थे। उन्होंने कहा कि पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
जिला अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा ने कहा कि रामविलास पासवान का सपना था कि “उस घर में दिया जलाना है, जहां सदियों से अंधेरा है।” उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस संकल्प को “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के विजन के साथ आगे बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में हारून रशीद, कौशल जायसवाल, नेपाली सिंह, युगल किशोर चौरसिया, प्रभास पासवान, जिला महासचिव बंटी पोद्दार, संतोष मेहता, माला जायसवाल, अजय पासवान, अविनाश साह, पंकज सिंह, ऋतुराज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















