


पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड अंतर्गत नीरपुर पंचायत सरकार भवन, केनगर प्रखंड के गणेशपुर पंचायत, नगर पंचायत मीरगंज के वार्ड संख्या-9 पहाड़ टोला तथा नगर पंचायत धमदाहा के वार्ड संख्या-3 हथिया दियारा में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं ने भाग लिया। लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा।

मंत्री लेशी सिंह ने प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंचायत सहयोग शिविर केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी प्रयास है। सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, प्रशासन के वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
















