


जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
भागलपुर के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव तथा अन्य जिला एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ कहलगांव में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया, आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने शिविर में मौजूद लोगों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने लोगों से साइबर अपराध, नशामुक्ति और यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, श्रम, बैंकिंग, विद्युत, पेयजल, पंचायत एवं पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में प्राप्त आवेदनों का विभागवार पंजीकरण कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
शिविर में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्रमाण-पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व संबंधी मामलों सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही पात्र लाभार्थियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर को अधिक जनोपयोगी बनाया जाए तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
















