


नवगछिया थाना क्षेत्र के पकड़ा गांव में सोमवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान गोली लगने से 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अनिल सिंह के पुत्र सुधांशु सिंह के रूप में हुई है। गोली उसके पेट में लगी, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान कुछ लोग कट्टा में गोली लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो पास में खड़े सुधांशु सिंह के पेट में जा लगी। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पहले भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया। वहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे पटना स्थित मेदांता अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि घायल के परिजन घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। परिजनों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेड़ पर चढ़कर गोली चलाई, जिससे युवक घायल हो गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली लगने की परिस्थितियों को देखते हुए यह दावा प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होता है। आशंका है कि शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में ही युवक घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि घायल का इलाज पटना में चल रहा है तथा उसका बयान दर्ज कराने के लिए कंकड़बाग थाना पुलिस से संपर्क किया गया है। घायल का बयान मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















