


स्वच्छता, सुरक्षा, किराया, बिजली-पानी और नियमों के पालन पर जोर, अनधिकृत हस्तांतरण पर कार्रवाई की चेतावनी
पूर्णिया। नगर निगम महापौर कार्यालय कक्ष में गुरुवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में फूड कोर्ट पार्क की व्यवस्थाओं को लेकर आवंटित दुकानदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फूड कोर्ट के सुचारु संचालन, स्वच्छता, सुरक्षा तथा बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में फूड कोर्ट के सभी स्टॉलों का भौतिक निरीक्षण, आवंटन की शर्तों एवं नियमों के अनुपालन, स्टॉलों के अनधिकृत हस्तांतरण अथवा किराये पर दिए जाने की रोकथाम, किराया एवं उपयोग शुल्क की अद्यतन स्थिति, स्टॉलों की अवधि विस्तार, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि फूड कोर्ट नगर निगम की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने दुकानदारों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। अब सभी दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वे अनुबंध की शर्तों एवं निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें और फूड कोर्ट की स्वच्छता, अनुशासन एवं गरिमा बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्टॉल का अनधिकृत हस्तांतरण अथवा किराये पर देना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित आवंटन रद्द कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने सभी दुकानदारों से समय पर किराया एवं उपयोग शुल्क जमा करने, स्टॉलों की नियमित साफ-सफाई रखने तथा ग्राहकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की अपील की।
महापौर ने कहा कि नगर निगम दुकानदारों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बिजली, पेयजल, सुरक्षा या अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी फूड कोर्ट विकसित करने की योजना है। ऐसे में वर्तमान फूड कोर्ट के संचालन से मिले अनुभव और सुझाव आगामी परियोजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।
बैठक के दौरान दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य फूड कोर्ट को शहर का आदर्श, स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक फूड हब के रूप में विकसित करना है, जिससे दुकानदारों के व्यवसाय को बढ़ावा मिले और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों।
बैठक में उपनगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, प्रधान सहायक उमेश यादव, नलिन भूषण सहित नगर निगम के अधिकारी एवं फूड कोर्ट के कई दुकानदार उपस्थित रहे।
















