


पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दी जानकारी, डिवाइडर सहित 11.50 मीटर चौड़ी होगी सड़क, जाम से मिलेगी राहत
कटिहार। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने बताया कि पथ प्रमंडल कटिहार के अंतर्गत कटिहार-पूर्णिया पथ (एनएच-131ए के पुराने संरेखन) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस परियोजना पर लगभग 56.55 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

उन्होंने बताया कि इस सड़क की कुल लंबाई 14 किलोमीटर है। वर्तमान में इसकी चौड़ाई 5.5 से 7 मीटर है, जिसे चौड़ीकरण के बाद बीच में डिवाइडर के साथ 11.50 मीटर किया जाएगा। इससे सड़क की क्षमता बढ़ेगी और यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि यह कटिहार जिले का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो एनएच-131ए (दलन) से प्रारंभ होकर जिला मुख्यालय, मनिहारी मोड़ होते हुए उदामारेखा कुशवाहा चौक तक जाता है और पुनः एनएच-131ए से जुड़ता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है।
उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के बाद शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, वाहनों का दबाव कम होगा तथा लंबे समय से बनी जाम की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर सड़क अवसंरचना विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कटिहार शहर के लोगों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
















