


भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित साधु बाबा स्थान के समीप शुक्रवार को बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने कटहरा हाई स्कूल की लिपिक रंजु कुमारी पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गईं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, रंजु कुमारी नारायणपुर गांव से टोटो पर सवार होकर कटहरा हाई स्कूल जा रही थीं। जैसे ही टोटो साधु बाबा स्थान के समीप पहुंचा, दो बाइक सवार बदमाशों ने टोटो को रोक लिया और उन पर लगातार दो गोलियां चला दीं। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद रंजु कुमारी कटहरा हाई स्कूल पहुंचीं और शिक्षकों के साथ पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वीडियो संजीव कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी राकेश कुमार तथा सुल्तानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
















