


भागलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहिया पुल का है, जहां दिनदहाड़े झपटमारों ने एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया। घटना के बाद लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी लॉकेट लेकर फरार हो गया।

पीड़िता ब्यूटी कुमारी, निवासी मकरमडी, ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ डॉक्टर को दिखाने आई थीं। इसी दौरान लोहिया पुल पर भीड़ का फायदा उठाकर दो युवक उनके पास पहुंचे। एक बदमाश ने बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटकर अपने साथी को दे दिया। दूसरा आरोपी लॉकेट लेकर मौके से भाग निकला।
घटना के बाद ब्यूटी कुमारी ने साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस झपटमारी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















