


भागलपुर। बाल विवाह पर प्रभावी रोक लगाने और जनजागरूकता अभियान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पीरपैंती प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्रायसम भवन में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार के निर्देश पर किया गया। इसमें प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ प्रमुख रश्मि कुमारी, पंचायत समिति सदस्य, सभी मुखिया, सरपंच, पंचायत सचिव, थाना प्रभारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निलेश कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. छोटे लाल, कल्याण पदाधिकारी, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक जाहिद इमाम, महिला पर्यवेक्षिका, विकास मित्र, जीविका सीएलएफ की दीदियां, काजी, पुजारी, डीजे संचालक एवं विवाह भवन संचालक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, संदिग्ध बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने तथा कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बैठक में बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कराने, इसमें सहयोग करने या इसे बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही काजी, पुजारी, विवाह भवन संचालकों और डीजे संचालकों से अपील की गई कि यदि उन्हें बाल विवाह की कोई जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें और इस सामाजिक बुराई को रोकने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
















