


छात्र, पत्रकारिता इंटर्नशिप का हुआ अनोखा समापन
भागलपुर। कक्षा की चारदीवारी से निकलकर समाज के बीच पत्रकारिता सीखने वाले छात्र-छात्राओं के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था समवेत द्वारा गांधी शांति प्रतिष्ठान, काजवलीचक में आयोजित 20 दिवसीय पत्रकारिता इंटर्नशिप का समापन प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। यह इंटर्नशिप 15 जून से 6 जुलाई 2026 तक तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातक सेमेस्टर-5 के उर्दू एवं अंग्रेजी विभाग के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी।
इस प्रशिक्षण की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने केवल पत्रकारिता के सिद्धांत ही नहीं पढ़े, बल्कि फील्ड में जाकर सामाजिक मुद्दों को समझा, लोगों से संवाद किया और रिपोर्ट तैयार कर व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव भी हासिल किया।
20 दिनों के दौरान प्रतिभागियों को समाचार लेखन, रिपोर्टिंग, फीचर एवं आलेख लेखन, साक्षात्कार की तकनीक, संपादन, मीडिया नैतिकता, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, फोटोग्राफी, दस्तावेजीकरण, सामुदायिक अध्ययन, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक पत्रकारिता का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता ऐनूल होदा, पूर्व बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मैरी लता किश्कु, गांधीवादी वासुदेव भाई, सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार, सुनील कुमार मंडल तथा समवेत के निदेशक विक्रम कांत मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
वक्ताओं ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवहारिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ना है। पत्रकारिता केवल खबर लिखने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और सामाजिक बदलाव की दिशा में सार्थक भूमिका निभाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाकर सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम में इंटर्नशिप सुपरवाइजर आनंद कुमार, गौरव कुमार, आशुतोष, सत्यम एवं राहुल कुमार सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















