


भागलपुर के रॉनित राज ने दिलाया स्वर्ण
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर के उभरते रग्बी खिलाड़ी रॉनित राज ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को जूनियर नेशनल रग्बी 7s चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह प्रतियोगिता 10 एवं 11 जुलाई को तेलंगाना के हैदराबाद स्थित बालयोगी एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित हुई।
शाहकुंड प्रखंड के सरोख गांव निवासी रॉनित राज (पिता – अक्षय कुमार) ने भागलपुर रग्बी संघ से खेलते हुए बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया। सेमीफाइनल मुकाबले में बिहार ने ओडिशा को 12-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में रॉनित ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 5 अंक अर्जित किए।
फाइनल में बिहार का मुकाबला महाराष्ट्र से हुआ, जिसमें बिहार ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 38-05 से जीत दर्ज कर लगातार एक बार फिर राष्ट्रीय जूनियर रग्बी 7s चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। निर्णायक मुकाबले में रॉनित राज ने 12 अंक बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
उल्लेखनीय है कि बिहार रग्बी टीम पिछले तीन-चार वर्षों से जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा कायम रखे हुए है। रॉनित राज पिछले वर्ष भी स्वर्ण पदक जीतने वाली बिहार टीम के सदस्य रह चुके हैं।
बिहार टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भागलपुर रग्बी संघ के अध्यक्ष विजय कुमार यादव, बिहार रग्बी संघ के सचिव पंकज कुमार ज्योति, भागलपुर रग्बी संघ के सचिव राज गौरव, भागलपुर एवं बिहार रग्बी टीम के कोच कुणाल कर्ण तथा जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण ने खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

















