


पूर्णिया। इस्कॉन पूर्णिया के तत्वावधान में आगामी 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा दोपहर 2:00 बजे ठाकुरबाड़ी से प्रारंभ होगी। यात्रा ठाकुरबाड़ी से निकलकर रजनी चौक, लखन चौक, कालीबाड़ी चौक, आर.एन. शाह चौक, जेल चौक, फोर्ड चौक, पंचमुखी मंदिर, लाइन बाजार चौक, अष्टा मंदिर, खिरू चौक होते हुए पुनः लखन चौक के रास्ते ठाकुरबाड़ी पहुंचकर संपन्न होगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ के रथ का दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।

रथयात्रा के समापन के बाद ठाकुरबाड़ी परिसर में लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भंडारा) की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन में इस्कॉन के वरिष्ठ वैष्णवों, शहर के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी।
इस्कॉन पूर्णिया ने नगरवासियों से अपील की है कि जिनके घर या प्रतिष्ठान रथयात्रा मार्ग पर स्थित हैं, वे भगवान श्री जगन्नाथ का आरती, पुष्प एवं भोग अर्पित कर स्वागत करें तथा इस आध्यात्मिक महोत्सव में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
इस्कॉन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आने वाले वर्षों में पूर्णिया के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ते हुए तीन से चार भव्य रथयात्राओं का आयोजन करना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक भगवान श्री जगन्नाथ का संदेश एवं सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश के प्रमुख महानगरों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन होता है, उसी प्रकार पूर्णिया को भी धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में देश-विदेश के भक्तों को भी इस आयोजन से जोड़ने की योजना है, ताकि भारतीय वैदिक संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं सनातन परंपरा का व्यापक प्रचार-प्रसार हो तथा युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा ले सके।
















