


पूर्णिया: शहर के राजेंद्र नगर, मधुबनी स्थित भाजपा कार्यालय परिसर में मंगलवार को एकल अभियान के 10 दिवसीय प्रारंभिक आचार्य अभ्यास वर्ग का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार, सामाजिक जागरूकता तथा सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आचार्य एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया अंचल के शंभू केसरी ने सभी आचार्यों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करे और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एकल अभियान के महामंत्री पुलक जी ने अपने संबोधन में कहा कि एकल अभियान समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का प्रसार करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए प्रशिक्षित आचार्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से समर्पण, अनुशासन और सेवा भाव के साथ समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में अंचल अभियान प्रमुख सत्यनारायण जी, गतिविधि प्रमुख सतीश कुमार, देव कुमार सिंह, सूर्य नारायण यादव तथा कोषाध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ बबलू सहाय सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण वर्ग की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वर्ग समाज निर्माण, संस्कारयुक्त शिक्षा और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रहित, समाज सेवा, ग्रामीण शिक्षा के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में आचार्यों को शिक्षा पद्धति, व्यक्तित्व विकास, संगठनात्मक कार्य, सामाजिक दायित्व तथा सेवा गतिविधियों से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे ग्रामीण क्षेत्रों में एकल अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें।
















