


पूर्णिया: जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्णिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर-02 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, दो खुले हुए इंजन, चार पुराने टायर तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस संबंध में कसबा थाना कांड संख्या-295/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूर्णिया के निर्देश पर जिले में चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी और वाहन चोर गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को कसबा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार (20 वर्ष), पिता संतोष ऋषि, निवासी तारानगर (वार्ड संख्या-12), थाना कसबा तथा मो. तसब्बर (26 वर्ष), पिता मो. सलीम, निवासी मजगामा (वार्ड संख्या-04), थाना कसबा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मो. तसब्बर कॉलेज चौक स्थित एक मोटरसाइकिल गैरेज का संचालक है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, दो मोटरसाइकिल के खुले हुए इंजन, चार पुराने टायर तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह विभिन्न जिलों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें गैरेज में लाता था, जहां वाहनों के पार्ट्स अलग-अलग कर बेच दिए जाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ सदर-02 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में कसबा थाना के थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक सुशील कुमार, शैलेश कुमार, प्रिंस कुमार, रामाकांत यादव तथा कसबा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में वाहन चोरी और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
















