


भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत काशील गांव में 15 जुलाई को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संभावित दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री यहां आयोजित कार्यक्रम में आम लोगों से सीधा संवाद करेंगे और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर विशाल जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर काशील गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस दौरे से क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं और मांगों को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा, जिससे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
















