


नवगछिया में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित फोरलेन सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। कदवा गोला टोला (पंचगछिया) के समीप सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के कारण हुए जलजमाव से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क और गड्ढों में फर्क कर पाना बेहद कठिन हो जाता है। विशेषकर रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक बन जाता है। नतीजतन आए दिन बाइक सवारों समेत अन्य वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

स्थानीय निवासी मुन्ना मंडल, योगेश कुमार, राहुल हरिजन, प्रदीप कुमार और मीना देवी ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लगभग हर सप्ताह दो से तीन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंचते हैं, जबकि कई लोगों को मामूली चोटें लगती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर लगातार जलजमाव बना रहता है। कीचड़ और धूल की परत के कारण सड़क और भी फिसलन भरी हो जाती है, जिससे वाहनों का संतुलन बिगड़ना आम बात हो गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही सड़क की मरम्मत होगी? उनका कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो यहां कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा इस मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।















