


स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना
पूर्णिया। पूर्णिया पूर्व प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेंद्रपुर एवं रानीपतरा में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत प्राप्त प्रमाणन के एक वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय स्तर की सर्विलांस (Surveillance) प्रक्रिया के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया। यह मूल्यांकन 13 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एनएचएसआरसी) के निर्देश पर राज्य स्वास्थ्य समिति के माध्यम से किया जा रहा है।

दो सदस्यीय मूल्यांकन टीम में डॉ. विकास कुमार (पीरामल स्वास्थ्य) एवं डॉ. मधुबाला कुमारी (डीसीक्यूए) शामिल थीं। टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों के छह प्रमुख विभागों एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता का आकलन किया।
मूल्यांकन के दौरान प्रसव कक्ष, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), क्षय रोग (टीबी), पैथोलॉजी, आपातकालीन सेवा, दंत चिकित्सा, नेत्र जांच, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के उपरांत मूल्यांकन टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। टीम के सदस्यों ने कहा कि इस स्तर की सुव्यवस्थित स्वास्थ्य व्यवस्था किसी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पूरे बिहार में देखने को नहीं मिली, जो पूर्णिया जिले के लिए गौरव की बात है।
मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक सौरेन्दर कुमार दास, डॉ. अनिल कुमार शर्मा (डीसीक्यूए), संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
















