


पूर्णिया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूर्णिया जिले में मद्यनिषेध विभाग एवं पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बायसी थाना क्षेत्र स्थित एकीकृत जांच चौकी (इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट), डालखोला पर नियमित वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 170.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त कर लिया।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मद्यनिषेध विभाग एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो डीआई टर्बो एसएलएक्स वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 170.250 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मद्यनिषेध विभाग ने बरामद शराब एवं वाहन को विधिवत जब्त करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(क) एवं 47 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई जा रही थी, इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी और इस अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए अनुसंधान तेज कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल मद्यनिषेध विभाग या जिला प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने नशामुक्त बिहार के निर्माण में सभी लोगों से सक्रिय सहयोग की अपील की है।
















