


कटिहार। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद ने मनिहारी गंगा घाट पर श्रावण मास के दौरान राजकीय श्रावणी महोत्सव आयोजित कराने की मांग एक बार फिर उठाई है। उन्होंने कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव को पत्र भेजकर प्रत्येक वर्ष मनिहारी में राजकीय श्रावणी महोत्सव आयोजित कराने का आग्रह किया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि कटिहार जिले के मनिहारी अनुमंडल मुख्यालय स्थित गंगा घाट धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मनिहारी गंगा घाट से कई पौराणिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। श्रावण मास में यहां हजारों-लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न प्रसिद्ध शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए प्रस्थान करते हैं।

उन्होंने बताया कि मनिहारी घाट का ऐतिहासिक महत्व भी है। वर्ष 1960 के दशक में प्रसिद्ध फिल्म ‘बंदिनी’ की शूटिंग भी इसी घाट पर हुई थी। वर्तमान में मनिहारी और झारखंड के साहिबगंज के बीच मालवाहक जहाजों एवं यात्रियों के आवागमन के लिए स्टीमर सेवा संचालित है। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा मनिहारी और साहिबगंज के बीच उच्चस्तरीय पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि मनिहारी में श्रावणी मेला के अवसर पर राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई पहचान मिलेगी तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि मनिहारी में प्रत्येक वर्ष राजकीय श्रावणी महोत्सव का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को और अधिक मजबूती मिले।
पूर्व उपमुख्यमंत्री के आग्रह के आलोक में कटिहार के जिला पदाधिकारी ने निदेशक, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना को मनिहारी श्रावणी मेला के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन भेज दिया है। अब इस प्रस्ताव पर विभागीय स्तर पर निर्णय की प्रतीक्षा की जा रही है।
















