


पूर्णिया। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर गुरुवार को पूर्णिया शहर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। सैकड़ों वर्ष पुराने श्री श्री 108 भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर एवं इस्कॉन सेंटर से निकली रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान महापौर विभा कुमारी ने भगवान की पूजा-अर्चना कर रथ की रस्सी खींची और नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

पूर्णिया सिटी स्थित सौरा नदी तट पर अवस्थित श्री श्री 108 भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर से निकली रथ यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पूर्णिया जंक्शन, कटिहार मोड़, गुलाबबाग जीरो माइल, हांसदा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। वहीं भट्ठा ठाकुरबाड़ी मेला ग्राउंड से इस्कॉन सेंटर की ओर से भी भव्य रथ यात्रा निकाली गई, जो रजनी चौक, लखन चौक, कालीबाड़ी चौक, लाइन बाजार चौक, पंचमुखी मंदिर, आस्था मंदिर और आर.एन. साह चौक होते हुए पुनः ठाकुरबाड़ी पहुंचकर संपन्न हुई।
रथ यात्रा में महापौर विभा कुमारी ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। परंपरा के अनुसार महापौर ने रथ यात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर सफाई की तथा भगवान के रथ की रस्सी खींचकर अपनी आस्था व्यक्त की।
रथ यात्रा के सफल आयोजन को लेकर पूर्णिया नगर निगम की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। यात्रा मार्ग की व्यापक साफ-सफाई कराई गई, ब्लीचिंग पाउडर एवं पानी का छिड़काव किया गया। श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत दिलाने के लिए वाटर फॉगिंग मशीन के माध्यम से भी पानी का छिड़काव कराया गया।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पूर्णिया में वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पुरी धाम की परंपरा के अनुरूप श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित होती आ रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा की नगर भ्रमण की इच्छा पूरी करने के लिए बड़े भाई बलभद्र के साथ रथ पर सवार होकर निकले थे, तभी से रथ यात्रा की परंपरा चली आ रही है।
उन्होंने कहा कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। भगवान के रथ की रस्सी खींचना प्रत्येक श्रद्धालु के लिए सौभाग्य का विषय माना जाता है और ऐसी मान्यता है कि इससे जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
रथ यात्रा के दौरान जंक्शन रोड स्थित पानी टंकी, खुश्कीबाग गजमतिया विवाह भवन के समीप महापौर की ओर से सेवा शिविर लगाया गया, जहां श्रद्धालुओं के बीच ठंडा पानी, शरबत, जूस एवं अन्य पेय पदार्थों का वितरण किया गया। महापौर स्वयं शिविर में मौजूद रहकर श्रद्धालुओं की सेवा करती रहीं।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर में खिचड़ी एवं खीर के महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद राकेश राय, स्वपन घोष, अर्जुन सिंह, गुलाब हुसैन, राखी कुशवाहा, ललनेश सिंह, बहादुर यादव, मनोज साह, कुणाल किशोर, शंकर यादव, आशीष पोद्दार, मुरारी झा, काशी चौधरी, फूलो चौधरी, सुंदर झा, दिलीप यादव, अधीर दा, मोली दा, कमोद जी, रमण मास्टर, बिनोद ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महापौर विभा कुमारी ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
















