


पूर्णिया। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य की विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने गुरुवार को पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजकुमार चौधरी को 46 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई बैसा प्रखंड कार्यालय में की गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक वेंडर की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता राज किरण ने आरोप लगाया था कि उसने बैसा प्रखंड में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लगभग 16 लाख रुपये की सामग्री की आपूर्ति की थी। आपूर्ति की गई सामग्री के भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में बीडीओ राजकुमार चौधरी ने उनसे रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसवीयू ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही बीडीओ ने वेंडर से 46 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विशेष निगरानी इकाई ने आरोपी बीडीओ के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कांड संख्या-21/2026 दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
एसवीयू के अनुसार, गिरफ्तार बीडीओ राजकुमार चौधरी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
















