


पूर्णिया: पूर्णिया कॉलेज में कार्यरत एक सफाई कर्मी का लंबे समय से रुका हुआ वेतन आखिरकार छात्र जदयू के हस्तक्षेप के बाद जारी कर दिया गया। वेतन भुगतान में हो रही देरी के कारण सफाई कर्मी आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा था और लगातार कॉलेज कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर था।

जानकारी के अनुसार, संबंधित सफाई कर्मी ने अपनी समस्या लेकर छात्र जदयू पूर्णिया के जिला अध्यक्ष अंकित झा से संपर्क किया। मामले की जानकारी मिलते ही अंकित झा ने इसे गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन के समक्ष सफाई कर्मी की समस्या उठाई और वेतन भुगतान में हो रही अनावश्यक देरी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान अंकित झा ने कहा कि किसी भी कर्मचारी, विशेषकर सफाई कर्मियों को अपने मेहनताने के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगवाना अमानवीय है। उन्होंने कहा कि समय पर वेतन उपलब्ध कराना प्रशासन की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी है। कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित करना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन एवं प्राचार्य से सभी कर्मचारियों का वेतन समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी को अपने अधिकार के लिए भटकना नहीं पड़े।
छात्र जदयू के हस्तक्षेप के बाद संबंधित सफाई कर्मी का रुका हुआ वेतन जारी कर दिया गया। वेतन मिलने पर सफाई कर्मी ने जिला अध्यक्ष अंकित झा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पहल नहीं होती तो उन्हें और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता।
अंकित झा ने कहा कि छात्र जदयू केवल छात्रों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा आम लोगों के न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए भी हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि किसी कर्मचारी के साथ अन्याय होता है तो छात्र जदयू उसके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
















