


मंगल आरती, हवन, भजन, वेद पाठ, जप-ध्यान और प्रसाद वितरण सहित होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
पूर्णिया: शहर के भट्ठा बाजार स्थित रामकृष्ण मठ में आगामी 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्रीरामकृष्ण देव के मंदिर में विशेष पूजा, हवन, भजन, वेद पाठ, जप-ध्यान एवं भक्त सम्मेलन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मठ प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु-शक्ति का स्मरण एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

महोत्सव की शुरुआत प्रातः 5 बजे मंगल आरती से होगी। इसके बाद प्रातः 5:35 बजे वेद पाठ एवं स्तवन का आयोजन होगा। प्रातः 7 बजे से 10:30 बजे तक विशेष पूजा एवं हवन संपन्न कराया जाएगा, जबकि सुबह 8 बजे से 10 बजे तक भक्ति-संगीत की प्रस्तुति होगी।
प्रातः 10:30 बजे साधु-संतों के वेद मंत्रोच्चार के साथ भक्त सम्मेलन का शुभारंभ होगा। इस दौरान स्वामी गीतानंद जी धार्मिक ग्रंथों का पाठ, जप-ध्यान, आत्मचिंतन एवं भजन प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में गुरु पूर्णिमा, भगवान श्रीरामकृष्ण, रामकृष्ण संघ तथा रामकृष्ण मठ पूर्णिया के वर्तमान एवं भविष्य से जुड़े विषयों पर स्वामी जितेंद्रानंद सहित अन्य वक्ता अपने विचार रखेंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
दोपहर में भोग आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
रामकृष्ण मठ पूर्णिया के अध्यक्ष स्वामी जितेंद्रानंद ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने प्रस्तावित रामकृष्ण मठ विवेकानंद मूल्य शिक्षा संस्थान के भवन निर्माण एवं मठ द्वारा संचालित सेवा कार्यों में सहयोग देने का भी आग्रह किया।
















