


नवगछिया की रहने वाली थीं रितु, गोपालपुर के सिंघिया मकंदपुर है ससुराल; पति भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
भागलपुर/फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में भागलपुर की एक सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 37 वर्षीय रितु के रूप में हुई है, जो बिहार शिक्षा विभाग में सरकारी शिक्षिका थीं। उनकी ससुराल भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत सिंघिया मकंदपुर गांव में है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रितु का विवाह वर्ष 2017 में नवगछिया के सिंघिया मकंदपुर निवासी पंकज शर्मा से हुआ था। पंकज शर्मा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट हैं और वर्तमान में लद्दाख में तैनात बताए जा रहे हैं। रितु कुछ दिन पूर्व ही फरीदाबाद के सेक्टर-9 स्थित ससुराल पहुंची थीं। 17 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरने से उनकी मौत हो गई।
मृतका की मां चांदनी देवी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि करीब तीन महीने पहले रितु पर दबाव बनाकर सरकारी नौकरी भी छुड़वा दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल में बड़ी जेठानी सहित अन्य लोगों द्वारा रितु को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका के चाचा संजय शर्मा ने बताया कि घटना से पहले रितु और उसकी जेठानी के बीच विवाद हुआ था, जिसकी जानकारी रितु ने फोन पर भी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना दो दिनों तक मायके पक्ष से छिपाई गई। परिजनों का कहना है कि रितु की हत्या कर उसे छत से धक्का दिया गया। उनका दावा है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है, जिसमें रितु ऊपर से गिरती हुई दिखाई दे रही हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।
















