


नियोजित शिक्षकों की मांग से संबंधित पत्र भी मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को सौंपा
पूर्णिया। बिहार विधानसभा के अष्टादश सत्र के प्रथम दिन पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को विधायक विजय खेमका ने सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ध्यानाकर्षण, निवेदन एवं याचिका के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग की।

विधायक ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए राज्य के विचाराधीन जेपी सेनानियों को पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने तथा भूमिगत स्वतंत्रता सेनानियों को सेनानी का दर्जा देने की मांग सरकार के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि ऐसे सेनानियों को सम्मान एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
इसके अलावा विधायक ने पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के ईस्ट ब्लॉक अंतर्गत गौरा पंचायत में इमली टोला स्थित सुरेश ऋषि के घर से भाटहा (कटिहार सीमा) तक सड़क निर्माण तथा कवैया पंचायत के वार्ड संख्या-9 में विषहरी स्थान से देवलाल चौहान के घर तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर सदन में निवेदन एवं याचिका प्रस्तुत की।
विधायक विजय खेमका ने विधानसभा सत्र के दौरान नियोजित शिक्षकों की विभिन्न मांगों से संबंधित पत्र भी मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को सौंपा और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना उनकी जिम्मेदारी है और जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
















