


‘
नवगछिया:
बिहार पुलिस के अपराध अनुसंधान विभाग द्वारा संचालित “नया सवेरा 3.0” जनजागरूकता अभियान के तहत नवगछिया स्थित मदन अहिल्या महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी कुमारी नीता ने छात्राओं को मानव तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

महिला थाना प्रभारी ने बताया कि मानव तस्करी एक गंभीर एवं संगठित अपराध है, जिसमें महिलाओं और बच्चों को नौकरी, विवाह अथवा बेहतर भविष्य का झांसा देकर शोषण का शिकार बनाया जाता है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूप, उससे बचाव के उपाय एवं सतर्क रहने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर मानव तस्करी निरोधक इकाई द्वारा तैयार जागरूकता पोस्टर भी वितरित किए गए। छात्राओं से अपने परिवार और समाज में भी इस विषय पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।















