5
(3)

नवगछिया:
उच्च माध्यमिक विद्यालय पुनामा प्रतापनगर की शिक्षिका खुशबू कुमारी ने विद्यालय के दो शिक्षकों एवं एक महिला शिक्षिका पर मारपीट, अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, खुशबू कुमारी विद्यालय में कक्षा 11 एवं 12 की अंग्रेजी विषय की शिक्षिका हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि 23 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे जब वह विद्यालय पहुंचीं तो मुख्य प्रवेश द्वार बंद था। गेट खोलने के लिए आवाज लगाने पर विद्यालय के शिक्षक विमलेंदु विमल एवं अभय कुमार सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

शिक्षिका का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें लगभग आधे घंटे तक विद्यालय के बाहर खड़ा रखा गया। इसी दौरान विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका निरूपमा कुमारी उनका वीडियो बनाने लगीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो निरूपमा कुमारी ने कथित रूप से चप्पल से मारपीट की तथा उनके बाल खींचकर सिर पर प्रहार किया।

प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि विमलेंदु विमल ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें धमकी दी कि यदि विद्यालय में नौकरी करनी है तो उनके अनुसार चलना होगा। शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया है कि उनका स्थानांतरण कराने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये की मांग की जाती थी तथा राशि नहीं देने पर उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित अपने परिचितों से उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग कराते थे, जिससे वह स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

घटना के बाद शिक्षिका ने नवगछिया थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि शिक्षिका के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आवेदन में दो शिक्षकों एवं एक महिला शिक्षिका पर गाली-गलौज, मारपीट, अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: