


नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में सड़क निर्माण ठेकेदार संजय कुमार सुमन उर्फ संजय सिंह की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के बड़े भाई सुनील सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात संजय सिंह परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने मकान की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में सोने चले गए थे। देर रात वह थूकने के लिए कमरे से बाहर रेलिंग की ओर निकले। इसी दौरान छत पर काई जमी होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
बताया गया कि हादसे के समय किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। कुछ देर बाद उनकी कराहने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए पूर्णिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुत्र हर्षवर्धन राज तथा पुत्रियां राजवी निषाद और जाह्वी निषाद अपने पिता की असामयिक मृत्यु से गहरे सदमे में हैं। परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों ने बताया कि संजय सिंह सड़क निर्माण के ठेके का कार्य करते थे और क्षेत्र में एक मेहनती, मिलनसार एवं व्यवहार कुशल व्यक्ति के रूप में उनकी पहचान थी। वह चार भाइयों में तीसरे स्थान पर थे। उनके बड़े भाई सुनील सिंह एवं अरविंद सिंह तथा छोटे भाई धर्मेंद्र सिंह हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं शुभचिंतक मृतक के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
















