


भागलपुर। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर धाम मंदिर में शनिवार देर रात चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर से मां काली की प्रतिमा के साथ प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गए। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग ई-रिक्शा से मंदिर परिसर में पहुंचते और मां काली की प्रतिमा को उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के कई आभूषण भी चोर अपने साथ ले गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर की जमीन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के कारण कुछ लोगों ने अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि प्रतिमा की तलाश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मां काली की प्रतिमा के टूटे हुए हिस्से, उंगली तथा अस्त्र-शस्त्र मिले, जिन्हें श्रद्धापूर्वक वापस मंदिर लाकर सुरक्षित रखा गया है। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन नहीं छोड़ने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था पर आघात बताते हुए कहा कि भूमि विवाद अपनी जगह है, लेकिन मंदिर और देवी-प्रतिमा के साथ इस प्रकार की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
















