


नवगछिया : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित महादेवपुर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने घाट पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, घाट पर निगरानी तथा आपात स्थिति से निपटने की सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहे।
एसपी ने अधिकारियों को घाट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरतने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात मिले।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने तथा पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
















