


पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने भाजपा के पूर्णिया जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह से जुड़े प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व सहित कई वरिष्ठ नेताओं को पत्र भेजा है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आशीष गोस्वामी ने अपने पत्र में कहा है कि किसी भी मामले में सत्य तथ्यों के आधार पर ही निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही उचित एवं न्यायसंगत कार्रवाई की जाए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि होली के अवसर पर भाजपा कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान बनाए गए एक वीडियो के प्रसारण के बाद विवाद उत्पन्न हुआ था। उन्होंने वीडियो के निर्माण, प्रसारण और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
आशीष गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया दौरे के दौरान विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने भी जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया था। इसी दौरान संगठन ने मनोज कुमार सिंह की कार्यशैली एवं संगठन संचालन को निकट से देखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी व्यक्ति के पक्ष या विपक्ष में नहीं है, बल्कि केवल निष्पक्ष जांच और सत्य के आधार पर निर्णय का पक्षधर है।
उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ राष्ट्रहित, समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी सकारात्मक सहयोग करता रहेगा।
















