


पूर्णिया । श्रावण मास के प्रथम दिन गुरुवार को जीरोमाइल, गुलाबबाग स्थित संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में कांवरिया सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ महापौर विभा कुमारी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद महापौर विभा कुमारी और जितेंद्र यादव ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि मंदिर परिसर में पिछले एक दशक से अधिक समय से पूरे श्रावण मास में कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है और कांवरियों की सेवा करना शिव सेवा के समान पुण्य का कार्य है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय, शुद्ध पेयजल, दवा, प्राथमिक उपचार, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने आम लोगों से भी सेवा कार्य में सहयोग की अपील की।
जितेंद्र यादव ने कहा कि कांवरियों की सेवा हमारी धार्मिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से पैदल आने वाले शिवभक्तों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। सेवा से समाज में सहयोग, सद्भाव और समर्पण की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष बालेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष देवेंद्र चोपड़ा, मंदिर के पुजारी, राजू लोहिया, दिलीप यादव, प्रेम कुमार राय, रंजीत सिंह, बहादुर यादव, जनार्दन त्रिवेदी, सतीश साह, रूपेश डुंगरवाल, विक्रम सिंह, पप्पू यादव, कन्हैया रस्तोगी, संजीत महतो, वार्ड पार्षद राकेश राय, अर्जुन सिंह, राजीव रंजन सहाय उर्फ बबलू सहाय, गुलाब हुसैन सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, शिविर के सदस्य, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
















