


प्रदीप विद्रोही
सुल्तानगंज।सावन के प्रथम सोमवार पर पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे ने अपनी आस्था और दृढ़ संकल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया। उन्होंने सुल्तानगंज से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक करीब 115 किलोमीटर की डाक बम यात्रा बिना रुके लगभग 15 घंटे में पूरी कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शिवदीप लांडे ने इस आध्यात्मिक यात्रा की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि भगवान भोलेनाथ उनके परम आराध्य हैं और उन्होंने संकल्प लिया था कि एक दिन सुल्तानगंज से देवघर तक की कठिन डाक बम यात्रा दौड़ते हुए पूरी करेंगे। उनका कहना है कि बाबा भोलेनाथ की असीम कृपा, शक्ति और आशीर्वाद से ही यह संकल्प सफल हो सका।
डाक बम यात्रा को सावन के दौरान सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में से एक माना जाता है। श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बिना कहीं रुके और बिना कलश को जमीन पर रखे बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में करीब 115 किलोमीटर की दूरी मात्र 15 घंटे में तय करना उनकी शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और अटूट आस्था का परिचायक माना जा रहा है।

शिवदीप लांडे की इस यात्रा की तस्वीरें और पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। बड़ी संख्या में लोग उनकी श्रद्धा, अनुशासन और संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और विश्वास से कठिन से कठिन चुनौती भी पार की जा सकती है।
सावन के पावन अवसर पर शिवदीप लांडे की यह डाक बम यात्रा श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और उनकी आध्यात्मिक प्रतिबद्धता को लोग खास तौर पर सराह रहे हैं।

















